गाजियाबाद (अबशार उलहक) : उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल मुरादनगर द्वारा 26 मई को ‘व्यापारी शहीद दिवस’ के अवसर पर एक भव्य शोक सभा का आयोजन किया गया, जिसमें व्यापारिक हितों और अधिकारों की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीद व्यापारियों को याद करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल मुरादनगर के अध्यक्ष कुंवर शहजाद चौधरी ने इस दिवस के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि आज ही के दिन यानी 26 मई 1979 को लखनऊ के अमीनाबाद में बिक्रीकर (Sales Tax) के सर्वे और छापों के खिलाफ व्यापारी एकजुट होकर शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे थे। इस दौरान तत्कालीन सरकार और प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए मात्र 25 वर्षीय युवा व्यापारी हरीश चंद्र अग्रवाल पुलिस की गोली का शिकार होकर शहीद हो गए थे।

अध्यक्ष कुंवर शहजाद चौधरी ने आगे कहा कि शहीद हरीश चंद्र अग्रवाल का वह बलिदान व्यर्थ नहीं गया है। आज देश भर के व्यापार मंडल और व्यापारी इस दिन को उन सभी जांबाज व्यापारियों के संघर्ष और बलिदान को याद करने के लिए मनाते हैं, जिन्होंने व्यापारी एकता व अधिकारों की लड़ाई में अपने प्राण न्योछावर किए। आज मुरादनगर के सभी व्यापारी एकत्रित होकर शहीदों को नमन कर रहे हैं और व्यापारिक सुरक्षा व सम्मान की रक्षा का संकल्प ले रहे हैं। सभा में उपस्थित सभी व्यापारियों ने एक सुर में व्यापारी हितों के लिए एकजुट रहने और किसी भी उत्पीड़न के खिलाफ आवाज बुलंद करने की बात कही। वक्ताओं ने जोर देकर कहा कि व्यापारियों का सम्मान और उनकी सुरक्षा सर्वोपरि है, जिसके लिए संगठन हमेशा तत्पर रहेगा।

इस श्रद्धांजलि सभा में मुरादनगर के गणमान्य व्यापारी और पदाधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे, जिनमें संरक्षक राधे किशन अरोड़ा, अध्यक्ष कुंवर शहजाद चौधरी, महिला अध्यक्ष दमयंती सिंह, वरिष्ठ भाजपा नेता अरविंद भारतीय, महामंत्री त्रिवेंद्र गुप्ता, कोषाध्यक्ष नितिन शर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजय सिंघल और संगठन मंत्री सुमित गर्ग शामिल थे। इनके अलावा नितिन गोयल, बुध प्रकाश गोयल, बुध गोपाल गोयल, जय भगवान सिंघल, सतीश जिंदल, सतीश गोयल, उमेश अरोड़ा, सुनील नागपाल, ललित गोयल, आलोक मित्तल, श्री भगवान लोहे वाले, अक्षय सिंघल, यासीन अंसारी, अम्बरीश अलंकार वाले, छोटे चौधरी और नवीन सक्सेना सहित भारी संख्या में स्थानीय व्यापारी मौजूद रहे। सभा के अंत में सभी उपस्थित व्यापारियों ने शहीद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।


