मुरादनगर। क्षेत्र में सोशल मीडिया पर एक विवादित और भड़काऊ वीडियो वायरल होने के बाद तनाव का माहौल है। इस मामले को लेकर हिंदू संगठनों ने गहरा रोष व्यक्त करते हुए स्थानीय थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप हिंदू संगठन के पदाधिकारियों ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि कुछ असामाजिक तत्वों ने जानबूझकर एक ऐसा वीडियो तैयार किया है, जो न केवल आपत्तिजनक है बल्कि उसे इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तेजी से प्रसारित किया जा रहा है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि इस वीडियो के माध्यम से विशेष रूप से हिंदू समाज की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने और क्षेत्र के सांप्रदायिक सौहार्द को बिगाड़ने की सोची-समझी साजिश रची जा रही है।
प्रशासन से सख्त कार्रवाई की गुहार संगठन के सदस्यों ने आशंका जताई कि यदि ऐसे शरारती तत्वों पर तत्काल लगाम नहीं कसी गई, तो क्षेत्र की शांति और कानून-व्यवस्था खतरे में पड़ सकती है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि वीडियो वायरल करने वाले व्यक्तियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध कठोर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी सामाजिक सद्भाव के साथ खिलवाड़ न कर सके।
ये लोग रहे उपस्थित थाने में शिकायत दर्ज कराने के दौरान मुख्य रूप से शुभम त्यागी, गौ सेवक शिवा शर्मा, शिवम त्यागी, संचित, बबलू प्रजापति, मनीष और अक्षत समेत दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे। वही कार्यवाहक मुरादनगर थानाध्यक्ष गोपाल चौहान ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच और साइबर सेल की मदद से आरोपियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।


