गाजियाबाद (हैदर खान) : जिला गाजियाबाद के उच्च प्राथमिक विद्यालय बहादुरपुर में स्कूल सुरक्षा ऑडिट के बाद आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में आपदा विशेषज्ञ दुर्गेश शर्मा ने शिक्षकों, बच्चों और स्कूल स्टाफ को सर्पदंश जैसी आपात स्थितियों से बचाव के जरूरी उपाय बताए। उन्होंने विशेष तौर पर अपील की कि सांप काटने पर झाड़-फूँक या सपेरों के चक्कर में बिल्कुल न पड़ें और समय गंवाए बिना पीड़ित को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाएँ। इसके साथ ही उन्होंने घाव वाली जगह को साबुन और पानी से अच्छी तरह साफ करने की सलाह भी दी।
उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देश पर टाइम्स प्रो, लखनऊ की टीम द्वारा जनपद के सरकारी विद्यालयों में स्कूल सुरक्षा ऑडिट किया जा रहा है। इसी अभियान के तहत बहादुरपुर विद्यालय में सिविल इंजीनियर आदित्य, फायर विशेषज्ञ अमित कुमार और दुर्गेश शर्मा की टीम ने प्रधानाचार्य सुषमा पाठक की मौजूदगी में रसोईघर, शौचालय, पेयजल, स्वच्छता और दिव्यांग सुविधाओं समेत तमाम सुरक्षा व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। ऑडिट के बाद हुए प्रशिक्षण सत्र में सर्पदंश के अलावा आकाशीय बिजली, भूकंप, लू और शीतलहर जैसी आपदाओं से निपटने के तरीके भी सिखाए गए और स्कूल में कूड़े के उचित निस्तारण के बारे में भी जागरूक किया गया।


