मुरादनगर पुलिस का त्वरित एक्शन: गोली मारकर भाग रहे आरोपी पड़ोसी को चंद घंटों में दबोचा

गाजियाबाद (हैदर खान) : थाना मुरादनगर पुलिस ने आज मुस्तैदी और त्वरित कार्रवाई की एक बड़ी मिसाल पेश की है। आदर्श कॉलोनी (जलालपुर रोड) में जनगणना विवाद को लेकर पड़ोसी वीरेंद्र त्यागी को गोली मारने वाले मुख्य आरोपी रामपाल चौधरी को मुरादनगर पुलिस ने चंद घंटों के भीतर ही चारों तरफ से घेराबंदी करके दबोच लिया। वारदात के तुरंत बाद एक्टिव हुई पुलिस टीम ने आरोपी को भागने का कोई मौका नहीं दिया और उसे सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।

सूचना मिलते ही एक्शन मोड में आई मुरादनगर पुलिस

‎मामले की जानकारी देते हुए एसीपी मोदीनगर/मसूरी ने बताया कि आज दिनांक 23 मई 2026 को दिन में करीब 11:00 बजे जैसे ही ‘यूपी 112’ के जरिए मुरादनगर थाने को गोली चलने की सूचना मिली, थाना प्रभारी मय फ़ोर्स तत्काल घटना स्थल के लिए रवाना हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुँचकर बिना एक पल गंवाए सबसे पहले घायल वीरेंद्र त्यागी को तत्काल उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया, जिससे समय रहते उनकी जान बचाई जा सकी।

घेराबंदी कर आरोपी को दबोचा, भागने की कोशिश नाकाम

‎वारदात को अंजाम देकर आरोपी रामपाल चौधरी मौके से फरार हो गया था और इलाके से भागने की फिराक में था। लेकिन मुरादनगर पुलिस ने तुरंत सक्रियता दिखाते हुए इलाके के सभी निकास मार्गों पर नाकेबंदी कर दी और आरोपी की धरपकड़ के लिए टीमें रवाना कीं। पुलिस के इस चौतरफा दबाव के आगे आरोपी पस्त हो गया और मुरादनगर पुलिस ने उसे घेराबंदी करके हिरासत में ले लिया।

पूछताछ में आरोपी ने उगला सच, विधिक कार्रवाई तेज

‎पुलिस हिरासत में हुई प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी रामपाल चौधरी ने बताया कि जनगणनाकर्मी को वीरेंद्र त्यागी उसके घर लेकर आए थे, जनगणना कर्मी से बहस में उसके साथ हाथापाई हुई जिसको लेकर 112 पुलिस को सूचित किया गया। वह इसी बात से नाराज था और इसी खुन्नस में उसने गोली चलाई थी।

‎मुरादनगर पुलिस की इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की स्थानीय नागरिकों ने भी सराहना की है, जिससे इलाके में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा का माहौल तुरंत बहाल हो गया। एसीपी मोदीनगर/मसूरी के अनुसार, पीड़ित पक्ष से तहरीर प्राप्त कर तत्काल अभियोग (FIR) पंजीकृत किया जा रहा है और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।