गाजियाबाद: मुरादनगर में फैक्ट्री मालिक पर जानलेवा हमला, दबंगों ने रात के अंधेरे में की फायरिंग

गाजियाबाद (अबशार उलहक) : उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जनपद में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। ताजा मामला मुरादनगर थाना क्षेत्र के रावली रोड स्थित लक्ष्य इंडस्ट्रीज का है, जहाँ नकाबपोश बदमाशों ने एक फैक्ट्री मालिक को निशाना बनाते हुए जमकर तांडव मचाया। बदमाशों ने न केवल पीड़ित के साथ मारपीट की, बल्कि देर रात फैक्ट्री पर फायरिंग भी कर दी।

मारपीट और रात में गोलियों की गूँज
मिली जानकारी के अनुसार, लक्ष्य इंडस्ट्रीज के मालिक राजवीर सिंह 11 मई को अपनी फैक्ट्री में मौजूद थे। तभी चार अज्ञात युवक, जिन्होंने अपने चेहरे कपड़ों से ढके हुए थे, फैक्ट्री परिसर में दाखिल हुए। आरोपियों ने बिना किसी उकसावे के राजवीर सिंह के साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। शोर मचने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए। ‎पीड़ित ने तत्काल इसकी सूचना स्थानीय पुलिस चौकी (चुंगी नंबर 3) को दी। पुलिस ने मौके पर आकर जांच-पड़ताल भी की, हैरानी की बात यह है कि पुलिस की जांच के महज कुछ घंटों बाद वही बदमाश दोबारा फैक्ट्री पहुंचे। इस बार आरोपियों ने सीधे फायरिंग शुरू कर दी। गोलियों की आवाज से इलाके में दहशत फैल गई।

मौके से बरामद हुआ खोखा
‎घटना की गंभीरता को देखते हुए जब पुलिस दोबारा मौके पर पहुंची, तो उन्हें घटनास्थल से कारतूस का खोखा बरामद हुआ है। यह साक्ष्य बदमाशों द्वारा की गई फायरिंग की पुष्टि करता है। ‎पीड़ित राजवीर सिंह मूल रूप से करनाल के रहने वाले हैं और यहां व्यापार करते हैं। उन्होंने थाना प्रभारी को दिए प्रार्थना पत्र में कहा है कि वे एक छोटे व्यापारी हैं और इस हमले के बाद से उनका परिवार और कर्मचारी बेहद डरे हुए हैं। उन्होंने पुलिस से अपराधियों के खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई और सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई।

पुलिस का पक्ष
‎मुरादनगर पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है ताकि नकाबपोश हमलावरों की पहचान की जा सके। स्थानीय पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।